हरदोई बघौली रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की वर्षों पुरानी मांग ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है। भारतीय किसान संगठन (राष्ट्रवादी) ने केंद्रीय रेल मंत्री को ज्ञापन भेजकर 30 जून 2026 तक मांग पूरी न होने पर बघौली स्टेशन पर ‘राष्ट्रीय किसान-व्यापारी संयुक्त महापंचायत’ आयोजित करने की चेतावनी दी है। 30 मई 2026, शुक्रवार को बघौली रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित किसान पंचायत में क्षेत्र के सैकड़ों किसान, व्यापारी और प्रबुद्ध नागरिक एकजुट हुए। जिला अध्यक्ष राम लखन पाठक की अध्यक्षता तथा युवा जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह बब्लू के संचालन में संपन्न इस पंचायत में लखनऊ मंडल अध्यक्ष रावेंद्र सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 31 जनवरी 2023 से लगातार प्रत्येक माह की अंतिम तिथि को बघौली स्टेशन पर पंचायत कर ट्रेनों के ठहराव की मांग दोहराई जा रही है। स्थानीय सांसद एवं विधायक भी इस संबंध में रेल मंत्रालय को लिखित अनुरोध भेज चुके हैं। बावजूद इसके, रेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
संगठन ने जनहित, किसान हित और छात्र हित में निम्नलिखित ट्रेनों का बघौली में ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस शाहजहांपुर-लखनऊ मेमो पैसेंजर का दैनिक संचालन, शाहजहांपुर-बालामऊ पैसेंजर का लखनऊ तक विस्तार, सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर तथा प्रयागराज-बरेली पैसेंजर का पुनः संचालन
किसान संगठन ने डीआरएम मुरादाबाद एवं महाप्रबंधक, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली से बघौली आकर किसानों के साथ सीधी वार्ता करने का आग्रह किया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 30 जून 2026, मंगलवार तक मांगों का निराकरण नहीं होता, तो बघौली रेलवे स्टेशन पर वृहद महापंचायत की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
यह ज्ञापन जिलाधिकारी हरदोई तथा स्टेशन अधीक्षक बघौली के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री को प्रेषित किया गया है। क्षेत्रीय जनता को अब रेल मंत्रालय के निर्णय की प्रतीक्षा है।
