बांदा। अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर शिकंजा कसते हुए थाना मटौंध पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रवर्तन अधिकारियों की लोकेशन ट्रक चालकों और मालिकों तक पहुंचाकर कार्रवाई से बचाने का काम करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 79 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मटौंध क्षेत्र के बसहरी गांव निवासी प्रेम नारायण पुत्र बाबूलाल और प्रमोद कुमार पुत्र कालीचरन खनिज, परिवहन, राजस्व, सेलटैक्स व पुलिस विभाग के अधिकारियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर ओवरलोड एवं अवैध खनन सामग्री से लदे वाहनों को सुरक्षित रास्ते से निकलवाने में मदद करते थे। इससे शासन को राजस्व की क्षति पहुंचने के साथ ही प्रवर्तन अधिकारियों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा था।
बताया गया कि दोनों आरोपियों ने बसहरी तिराहे पर अवैध एवं ओवरलोड वाहनों को पार कराने का दबाव बनाते हुए विवाद भी किया था। इसी मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।बरामदगी: 79 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल।
गिरफ्तार आरोपी:प्रेम नारायण पुत्र बाबूलाल, निवासी बसहरी, थाना मटौंध प्रमोद कुमार पुत्र कालीचरन, निवासी बसहरी, थाना मटौंध गिरफ्तारी टीम:प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विकास नेहरा तथा आरक्षी अभिषेक यादव।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, ओवरलोड परिवहन अथवा ऐसी गतिविधियों में सहयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
